नागौर जिले में मानसून का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार या बुधवार तक जिले में मानसून की एंट्री हो सकती है। मौजूदा मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, जिससे जिले के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 10 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियों में कुछ समय के लिए कमी आ सकती है। मंगलवार या बुधवार तक हो सकती है मानसून की एंट्री मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्सों में अगले चार से पांच दिन तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी। नागौर में 7 या 8 जुलाई को मानसून पहुंचने की संभावना है। इसके बाद जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। 10 जुलाई के बाद गतिविधियां पड़ सकती हैं कमजोर मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। नया वेदर सिस्टम बनने तक प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बन सकती है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिनभर उमस रही, अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज सोमवार को जिले में दिनभर उमस बनी रही। सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम 5:30 बजे घटकर 74 प्रतिशत रह गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले पांच साल में सबसे देरी से पहुंच रहा मानसून मौसम विभाग का कहना है कि इस बार नागौर में मानसून पिछले पांच साल की तुलना में सबसे देरी से पहुंच रहा है। विभाग के अनुसार मानसून की एंट्री के बाद जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। निचले इलाकों में जलभराव की संभावना मौसम विभाग के अनुसार मध्यम से भारी बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। किसानों को खेतों और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी तैयारी रखने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है।