नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने दिल्ली में रविवार शाम को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने अनुकंपा नौकरी में देरी, पेंशन मामलों और एनसीसी विस्तार पर चर्चा की। मुलाकात में लंबित मामलों के समाधान और प्रक्रिया को तेज करने की मांग रखी गई। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। सांसद ने शहीद सैनिकों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति मिलने में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने इस प्रक्रिया को जल्दी और पारदर्शी बनाने की मांग रखी। पेंशन और लंबित मामलों को लेकर रखा पक्ष बेनीवाल ने भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों की पेंशन से जुड़े मामलों को उठाया। उन्होंने कई लंबित मामलों की जानकारी लिखित में रक्षा मंत्री को दी। सांसद ने पेंशन से जुड़ी विसंगतियों और प्रशासनिक स्तर पर आ रही दिक्कतों को विस्तार से बताया। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। एनसीसी विस्तार और सुविधाओं पर चर्चा मुलाकात में नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले के कॉलेजों में एनसीसी से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने ज्यादा युवाओं को एनसीसी से जोड़ने, नई यूनिट शुरू करने और ट्रेनिंग सुविधाएं मजबूत करने की जरूरत बताई। सरकार की जिम्मेदारी पर दिया बयान मुलाकात के बाद जारी बयान में हनुमान बेनीवाल ने कहा कि देश के लिए जान देने वाले जवानों के परिवारों का सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने इन मुद्दों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई। इस मुलाकात को राजस्थान के सैनिकों और शहीद परिवारों के लंबित मामलों के समाधान की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।