नागौर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध विस्फोटक सामग्री और अवैध डोडा- पोस्त को जब्त किया है। पुलिस ने करीब 71.48 किलो डोडा-पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा धोखाधड़ी, मादक पदार्थ सप्लाई और सरकारी जमीन पर कब्जे के मामलों में भी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल गाड़ी भी जब्त की है। सभी कार्रवाई एएसपी के निर्देशन में विशेष अभियान के तहत सोमवार को की गई। 354 जिलेटिन स्टिक, 87 डेटोनेटर जब्त खींवसर थाना पुलिस ने आकला क्षेत्र स्थित एक परित्यक्त पटवार भवन में दबिश देकर अवैध खनन में उपयोग होने वाली विस्फोटक सामग्री बरामद की। मौके से 354 जिलेटिन स्टिक, 87 डेटोनेटर, 302 मीटर वायर और 116 फीट फ्यूज वायर जब्त की गई। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 71.48 किलो डोडा पोस्त बरामद, एक गिरफ्तार 'ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर' के तहत सदर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने बाराणी क्षेत्र में कार्रवाई कर एक खेत की ढाणी से चार कट्टों में भरा 71 किलो 480 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 10.75 लाख रुपए आंकी गई है। फर्जी दस्तावेज से जमीन बेचने का आरोपी गिरफ्तार कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि बेचने के मामले में मुख्य आरोपी कैशाराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परिवादी की भूमि के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बिक्री करने का आरोप है। मामले में पूर्व से दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान गिरफ्तारी की गई। मादक पदार्थ सप्लायर भी गिरफ्तार कोतवाली थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले आरोपी रिछपाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मई में पकड़े गए स्मैक और एमडीएमए तस्करी के मामले में पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया था। जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जा रही है। सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में जेसीबी और स्कॉर्पियो जब्त कोतवाली थाना पुलिस ने शहर के बड़ली क्षेत्र में प्रतिबंधित श्रेणी की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए मौके से एक जेसीबी मशीन और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।