नागौर में देरी से पहुंची चार छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। एसआई भर्ती परीक्षा की दूसरी पारी के लिए परीक्षा केंद्रों में दोपहर 1 बजे तक ही प्रवेश दिया गया। एसआई भर्ती परीक्षा की दूसरी पारी में सख्ती के चलते 5448 रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों में से 3254 ही शामिल हुए। तय समय के बाद पहुंचने पर पुलिस ने नियमों के अनुसार प्रवेश देने से मना कर दिया। पहले दो महिला अभ्यर्थी 2 मिनट की देरी से पहुंची। उन्होंने बताया कि उन्हें पहली पारी में एक घंटे पहले पहुंचने की जानकारी थी, लेकिन दूसरी पारी में भी एक घंटे पहले पहुंचना था, यह ध्यान नहीं रहा। उन्होंने केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों से अनुरोध किया, लेकिन नियमों का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया गया। फोटोज में देखें… 13 मिनट बाद पहुंचीं छात्राएं, दौड़ती हुई आईं इसके बाद सेंटर बंद होने के 13 मिनट बाद दो और महिला अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचीं। ये छात्राएं दौड़ती हुई नजर आईं, लेकिन उन्हें भी अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। उनका कहना था कि पहली पारी के बाद वे खाना खाने गई थीं और वहां देरी हो गई। चारों अभ्यर्थी निराश होकर लौटीं पहली पारी में परीक्षा देने के बाद दूसरी पारी में प्रवेश नहीं मिलने से चारों अभ्यर्थी काफी निराश नजर आईं। ये सभी नागौर के सेठ किसान लाल कांकरिया स्कूल में परीक्षा देने पहुंची थीं। 18 केंद्रों पर परीक्षा, 2194 अभ्यर्थी अनुपस्थित नागौर में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 5448 रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों में से 3254 ने परीक्षा दी, जबकि 2194 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 18 में से 13 केंद्र सरकारी और 5 निजी संस्थानों में बनाए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तरीय जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई थी। फ्लाइंग और मॉनिटरिंग टीमें तैनात परीक्षा प्रभारी चम्पालाल जिनगर ने बताया कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए 3 फ्लाइंग टीमें और 6 मॉनिटरिंग टीमें बनाई गई हैं। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई।