नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क स्थित लायन सफारी में शेरनी तारा ने हाल में एक शावक को जन्म दिया था। इस नवजात शावक की आज सुबह श्वास नली के सिकुड़ने से (एस्फीक्सिया रिजल्टिंग फॉर्म ट्रेक्सल कॉलेप्स) दम घुट गया और मौत हो गई। वन विभाग ने मेडिकल बोर्ड से शावक का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें इसका खुलासा हुआ। इससे पहले 29 जून को भी शेरनी तारा के एक शावक की मौत हो गई थी। ऐसे में 9 दिन में नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में दूसरे शावक की मौत हो गई है। जिसके बाद वन्य जीव प्रेमियों ने बायोलॉजिकल पार्क प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज सुस्त नजर आया था,दूध पीना छोड़ा था उप वन संरक्षक (वन्यजीव) विजय पाल ने बताया कि जन्म के बाद शावक का उसकी मां तारा के साथ पुनर्मिलन कराया गया था। शेरनी अपने शावक की सामान्य रूप से देखभाल कर रही थी। उसके व्यवहार में किसी प्रकार की असामान्यता नहीं थी। मंगलवार सुबह शावक अचानक सुस्त नजर आने लगा। उसने मां का दूध पीना भी बंद कर दिया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उसकी लगातार निगरानी शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार- इस दौरान शेरनी तारा लगातार अपने शावक को चाटती रही और उसे मुंह में दबाकर इधर-उधर घूमती रही, जिससे साफ था कि वह उसे सामान्य करने का प्रयास कर रही थी। बावजूद इसके कुछ ही देर बाद शावक ने दम तोड़ दिया। श्वास नली सिकुड़ने से दम घुटा मौत के कारणों की पुष्टि के लिए गठित मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शावक की मृत्यु एस्फीक्सिया रिजल्टिंग फॉर्म ट्रेक्सल कॉलेप्स (श्वास नली के सिकुड़ने या क्षतिग्रस्त होने के कारण) दम घुटने से हुई। इसके बाद वन विभाग और लायन सफारी प्रशासन ने नियमानुसार शावक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शेरनी तारा की लगातार मॉनिटरिंग वन विभाग के अनुसार-शेरनी तारा पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। इसके साथ ही उसकी विशेष देखभाल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लायन सफारी में सभी वन्य जीवों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी जारी है। बता दें कि शेरनी तारा ने 29 जून को दो शावकों को जन्म दिया था। जिसमें से एक शावक की 29 जून को ही मौत हो गई थी। वन विभाग ने शावक की मौत की जानकारी को मीडिया से छुपा कर रखा था। इसके साथ ही वन विभाग की टीम ने दूसरे शावक को शेरनी से दूर रखा लेकिन आज जब दूसरे शावक को शेरनी के पास भेजा। उसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत की जानकारी भी सामने आ गई। जिसको लेकर अब वन्य जीव प्रेमियों में काफी मायूसी है।