मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान को ‘हरियालो राजस्थान’ बनाना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। मानसून सीजन में 10 करोड़ पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने वन एवं पर्यावरण अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना बनाकर इस कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। शर्मा शनिवार को सीएमओ में पौधारोपण लक्ष्य, चंदन वन, नमो वन एवं नमो नर्सरी स्थापना को लेकर बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सीएम ने कहा कि मुख्य सचिव पौधरोपण कार्य की मॉनिटरिंग करें। बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण आनंद कुमार शामिल हुए। मुख्य सचिव दिल्ली से ऑनलाइन जुड़े। बारिश से पहले बना लें फेंसिंग व खड्डे विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से पौधरोपण के कार्य को प्रारंभ कर मानसून सीजन जुलाई, अगस्त व सितम्बर माह में गति प्रदान की जाएगी। सभी विभाग स्थानों का चयन, फेन्सिंग, खड्डे सहित कार्य तय समय से पहले पूरे कर लें। किसानों को फ्री में दें फलदार पौधे मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के तहत किसानों को निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री उदयपुर, सिरोही एवं बांसवाड़ा में चंदन वन की स्थापना के लिए चिन्हित स्थानों का निरीक्षण कर तारबंदी, ड्रिप सिंचाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। रेलवे की जमीनों पर भी लगेंगे पौधे मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण के लिए स्थान चयन में राजस्व विभाग का भी सहयोग लिया जाए। वहीं, रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी परिसंपत्तियों में पौधरोपण की कार्ययोजना भी बनाई जाए। प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक नमो नर्सरी स्थापना के कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। मिट्टी की उत्पादकता का ध्यान रखकर पौधरोपण किया जाए।