सपोटरा के नारौली डांग स्थित भैरों बाबा मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय पद एवं कन्हैया दंगल धार्मिक और पौराणिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को बांधे रखा और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल रहा। आम बस्ती की ओर से आयोजित इस दंगल के दूसरे दिन दिनेश सैनी एंड पार्टी (भूड़ा उकेरी), रामकेश एंड पार्टी (सहजनपुर) और राजू लाल एंड पार्टी (रीछोटी) ने अपनी स्वरचित रचनाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हंसराज बालोती भी शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया, वहीं 15 किलो की माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। मंदिर कमेटी अध्यक्ष राजकुमार मीना ने बताया कि विधायक ने भैरों बाबा मंदिर की भूमि के सीमांकन और चारदीवारी निर्माण के लिए 21 लाख रुपए तथा सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, कुल 31 लाख रुपए देने की घोषणा की। दंगल में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही और पांडाल महिला-पुरुष श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। समापन पर कलाकारों का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया गया। सोमवार को एक दिवसीय कन्हैया दंगल का आयोजन भी किया जाएगा।