हरियाणा के नारनौल के साथ लगते राजस्थान के सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी में फरवरी 2027 में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह बात विवि के कुलपति एवं पूर्व आईएएस अधिकारी मनोज कुमार ने आज नारनौल में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता सिंघानिया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए फ्लैग मलेशिया से लाया जाएगा और आयोजन से पहले एमओयू साइन किया जाएगा। इसकी तैयारियां विश्विवद्यालय ने शुरू कर दी हैं। एससी/एसटी के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि नारनौल से विश्वविद्यालय तक विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए परिवहन रूट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें चिड़ावा और भिवानी रूट भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति (SC/ST) के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी, वहीं 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की फीस पूरी तरह माफ की जाएगी। 2007 में हुई थी स्थापना वीसी ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना 2007 में हुई थी और 2008 में इसे राजस्थान सरकार से मान्यता मिली। इसके संस्थापक डीसी सिंघानिया रहे हैं। विश्वविद्यालय सेना, राज्य और केंद्र सरकार तथा पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों के बच्चों को भी छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। पीएसडी मामला कोर्ट में लंबित उन्होंने यूजीसी से जुड़े पीएचडी मामले पर कहा कि इस संबंध में विश्वविद्यालय दिल्ली कोर्ट गया है और मामला फिलहाल लंबित है। इसके अलावा नर्सिंग कोर्स शुरू करने के लिए भी आवेदन किया गया है। विवि में निशुल्क लाइब्रेरी विश्वविद्यालय में 40 विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसका लाभ बाहरी विद्यार्थी भी उठा सकते हैं। वीसी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य सभी को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, जहां फीस कभी बाधा नहीं बनेगी।