अजमेर जिले के नसीराबाद में एक घर में चोरों ने ताले तोड़कर 8 तोला सोने के जेवरात और 5 लाख की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिए। नसीराबाद के सरक्यूलर रोड स्थित एक सूने मकान में रविवार तड़के यह वारदात हुई। यह चोरी की वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें मुंह पर कपड़ा बांधे और कैप पहने दो युवक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। परिवार बुटाटी धाम गया हुआ था। 8 तोले के जेवर सहित 5 लाख रुपए नकद चोरी सरक्यूलर रोड स्थित एमडी टावर के सामने रहने वाली महिला परवीन शनिवार को बुटाटी धाम गई थी। रविवार सुबह मकान के ताले टूटे देख पड़ोसी ने चोरी की वारदात की सूचना दी। इस पर पीड़ित महिला परवीन नसीराबाद पहुंची। महिला ने बताया- चोर आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 8 तोले सोने के जेवरात, करीब 5 लाख रुपए, लैपटॉप और अन्य सामान चुराकर ले गए। चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ने के लिए बड़े पेचकस का उपयोग किया। चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोर पेचकस मौके पर ही छोड़ गए। पीड़ित महिला ने सिटी थाने में चोरी की रिपोर्ट दी है। सूचना के बाद नसीराबाद सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी खंगालते हुए मौका मुआयना किया। पुलिस चोरों की तलाश के प्रयास में जुटी है। (इनपुट-सुधीर मित्तल और रियाज अहमद) ………… पढे़ं ये खबर… नगर निकाय के पूर्व कमिश्नर से ठगी की कोशिश:ठग ने CI बनकर दी धमकी, 75 हजार का फर्जी मैसेज भेजा अजमेर में साइबर ठगों ने नगर निकाय के रिटायर्ड पूर्व कमिश्नर को निशाना बनाते हुए ऑनलाइन ठगी की कोशिश की। ठग ने पुलिस थाना प्रभारी की प्रोफाइल फोटो लगाकर कॉल किया और खुद को थाना प्रभारी बताकर धमकाने लगा। ठग ने पहले खुद को सरकारी स्कूल का टीचर बताकर टाइल्स का ऑर्डर दिया। पूरी खबर पढे़ं