नाथद्वारा की बेटियों ने पहली बार राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उदयपुर के खेलगांव में आयोजित प्रतियोगिता में माद्री आशीष सिंह और पोषिता माली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राज्य स्तर पर तैराकी में नाथद्वारा की बालिकाओं का यह पहला पदक है। पदक जीतने के बाद पहली बार नगर पहुंचने पर बस स्टैंड पर दोनों खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और श्रीजी प्रभु के प्रसाद के साथ स्वागत किया गया। डॉ. सीपी जोशी ने बढ़ाया उत्साह माद्री और पोषिता ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान दो स्पर्धाओं में बाहर होने से वे निराश हो गई थीं, लेकिन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने फोन कर उनका उत्साह बढ़ाया और कड़ी मेहनत जारी रखने की प्रेरणा दी। इसके बाद उन्होंने दमदार वापसी करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच भावेश सनाढ्य को दिया। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन सुबह-शाम तीन घंटे अभ्यास करती हैं। इससे पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में माद्री ने तीन स्वर्ण और पोषिता ने बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।