राजसमंद के गोवर्धन जिला चिकित्सालय नाथद्वारा को नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन मिला है। हॉस्पिटल को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) के तहत ‘क्वालिटी सर्टिफाइड’ घोषित किया गया है। अस्पताल ने राष्ट्रीय स्तर के कड़े मानकों पर 88.43 प्रतिशत का स्कोर हासिल किया। कलेक्टर अरूण कुमार हसीजा ने इस उपलब्धि पर हॉस्पिटल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। सीएमएचओ हेमंत बिंदल ने इसे पिछले सालों के सतत सुधार और टीमवर्क का परिणाम बताया। 25 से 27 फरवरी 2026 तक केंद्रीय टीम ने हॉस्पिटल के 19 विभागों का मूल्यांकन किया। इसमें फार्मेसी, ओपीडी, ब्लड बैंक, आईसीयू, लेबर रूम, ओटी और लैब जैसी सेवाओं की जांच हुई। हॉस्पिटल ने ब्लड बैंक प्रबंधन, एनेस्थीसिया और परिवार नियोजन सेवाओं में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। ‘मेरा अस्पताल’ पोर्टल पर मरीज संतुष्टि 85.67 प्रतिशत दर्ज की गई थी।