नाथद्वारा में स्थित नाथूवास तालाब में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। दौरा आने से नदी में गिरने की आशंका पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नाथूवास निवासी लीलाधर मीणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी तथा वह मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। स्थानीय लोगों का मानना है कि संभवतः मिर्गी का दौरा पड़ने या संतुलन बिगड़ने के कारण वह तालाब में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को नाथद्वारा चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में मर्ग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच की जा रही है।