चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटेप) में प्रवेश केवल नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी)-2026 से ही दिया जाएगा। इसको लेकर राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने ​शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सभी मान्यता प्राप्त संस्थानों और विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। एनसीटीई ने स्पष्ट किया है कि आईटेप में किसी अन्य परीक्षा या प्रवेश प्रक्रिया के आधार पर दाखिला मान्य नहीं होगा। एनसीटीई की एडवाइजरी के अनुसार, केवल वही अभ्यर्थी आईटेप में प्रवेश के पात्र होंगे जिन्होंने एनसीईटी -2026 परीक्षा में भाग लिया है। परिषद ने संस्थानों को मेरिट सूची तैयार करने और पूरी प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। परिणाम के बाद जारी हुई एडवाइजरी एनसीईटी -2026 का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 17 और 18 अप्रैल को किया था, जबकि इसका परिणाम 4 जून को घोषित किया गया। रिजल्ट जारी होने के बाद अब एनसीटीई ने प्रवेश प्रक्रिया को लेकर यह विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, ताकि सभी संस्थानों में एक समान नियम लागू किए जा सकें। पात्रता की अन्य शर्तें भी जरूरी परिषद ने स्पष्ट किया है कि केवल एनसीईटी -2026 में शामिल होना ही पर्याप्त नहीं होगा। अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थान, संबद्ध विश्वविद्यालय, राज्य सरकार और अन्य नियामक संस्थाओं द्वारा निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को भी पूरा करना होगा।