बांसवाड़ा के डॉ. मोहित मचार की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय पूर्व छात्र संघ ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। 28 साल के डॉक्टर पीपलखूंट के बोरि गांव में शादी में गए थे, जहां से लापता होने के चार दिन बाद 19 अप्रैल 2026 को उनका शव कुएं में मिला। पूर्व छात्रों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। शादी में शामिल होने गए, फिर लापता हुए ज्ञापन के अनुसार ग्राम छोटा डूंगरा निवासी डॉ. मोहित मचार पुत्र कानहिंग मचार अपने एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पीपलखूंट क्षेत्र के बोरि गांव गए थे। वहां से वे रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए। चार दिन बाद कुएं में मिला शव परिजनों और पुलिस की तलाश के बाद 19 अप्रैल 2026 को उनका शव बोरि गांव के एक कुएं में बरामद हुआ। इस घटना के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पूर्व छात्र संघ ने जताई हत्या की आशंका जवाहर नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र संघ का कहना है कि यह मामला सामान्य हादसा नहीं लगता, बल्कि इसमें हत्या की आशंका है। फिलहाल इस प्रकरण की जांच पीपलखूंट थाना पुलिस कर रही है। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग ज्ञापन के जरिए मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। बड़ी संख्या में पूर्व छात्र रहे मौजूद ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में पूर्व छात्र मौजूद रहे। उन्होंने डॉ. मोहित को श्रद्धांजलि दी और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई। ज्ञापन की प्रतियां जिला कलेक्टर और बांसवाड़ा तथा प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षकों को भी भेजी गई हैं, ताकि दोनों जिलों के बीच समन्वय बना रहे।