राजसमंद| अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजसमंद की वार्षिक साधारण सभा रविवार को राजनगर स्कूल के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतीश आचार्य ने की। मुख्य अतिथि कैलाशचंद्र सुथार और विशिष्ट अतिथि मीठालाल शर्मा, वीणा वैष्णव व नारायणसिंह चुंडावत रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक सरस्वती वंदना के साथ हुई। बैठक में वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा और शिक्षक की भूमिका पर चर्चा की। मीठालाल शर्मा ने कहा कि संगठन में सेवा भाव से कार्य करते हुए देश निर्माण और व्यक्ति निर्माण के उद्देश्य को आगे बढ़ाना चाहिए। शिक्षक संघ विद्यार्थियों में राष्ट्र भाव विकसित करने का कार्य कर रहा है। कैलाश सुथार ने संगठन की रीति-नीति से अवगत कराते हुए कार्यकर्ताओं से समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। सभा में सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें शंकरलाल माली को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुजीत त्रिपाठी, डॉ. भगवतसिंह राठौड़, मधु पालीवाल, बसंतकुमार पालीवाल, मांगूराम भील और माया चारण को जिम्मेदारी दी गई। देवेंद्रसिंह कच्छावा, सीता शर्मा, केसरसिंह राठौड़ और बालमुकुंद शर्मा को सचिव बनाया गया। हरिओमसिंह चुंडावत को जिला मंत्री, अरुण प्रजापत को अतिरिक्त मंत्री, डॉ. तरुणा शर्मा को महिला मंत्री और दिनेशचंद्र शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों का भी मनोनयन किया गया। कार्यकर्ताओं ने नई कार्यकारिणी का स्वागत किया। संचालन सुजीतकुमार त्रिपाठी ने किया। राष्ट्र गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।