आध्यात्मिक संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके लोकप्रिय गायक निखार जुनेजा शनिवार देर रात करीब दो बजे जयपुर पहुंचे। वे शहर में आयोजित एक भव्य स्पिरिचुअल कॉन्सर्ट में अपनी विशेष प्रस्तुति देने आए हैं। देर रात एयरपोर्ट पहुंचने के बावजूद प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हालांकि उनकी फ्लाइट करीब पांच घंटे देरी से जयपुर पहुंची, जिसके कारण वे कुछ थके हुए नजर आए, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए फैंस का अभिवादन किया। निखार जुनेजा पिछले कुछ सालों में आध्यात्मिक और सूफी संगीत की दुनिया का चर्चित नाम बन चुके हैं। अपनी दमदार आवाज, आधुनिक मंचीय प्रस्तुति और स्टाइलिश परफॉर्मेंस के कारण उन्होंने युवा पीढ़ी के बीच भी खास पहचान बनाई है। भजन, सूफी और आध्यात्मिक संगीत को नए अंदाज में प्रस्तुत करने के कारण वे देशभर में लोकप्रिय हैं। उन्होंने देश के कई बड़े आध्यात्मिक आयोजनों, कॉर्पोरेट कार्यक्रमों और हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में प्रस्तुति दी है। उद्योगपति मुकेश अंबानी के पारिवारिक आयोजनों सहित देश के कई प्रतिष्ठित समारोहों में भी वे अपनी गायकी का जादू बिखेर चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके लाइव कॉन्सर्ट और म्यूजिकल वीडियो को लाखों लोग पसंद करते हैं। जयपुर में आयोजित होने वाले स्पिरिचुअल कॉन्सर्ट में उनके लोकप्रिय भजन, सूफी रचनाएं और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड अभिनेता डीनो मोरिया रविवार सुबह जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हो गए। वे शहर में आयोजित एक विशेष इवेंट में शामिल होने के लिए आए थे। एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रशंसकों ने उनके साथ फोटो खिंचवाईं। डीनो ने भी मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन किया और फैंस का धन्यवाद जताया। डीनो मोरिया बॉलीवुड के चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में फिल्मों में कदम रखा। 'राज', 'गुनाह', 'अक्सर', 'प्यार इम्पॉसिबल', 'बाज़ : ए बर्ड इन डेंजर' और 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया। हाल के वर्षों में उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। 'द एम्पायर', 'तांडव', 'कौन बनेगी शिखरवती' और अन्य वेब सीरीज में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। अभिनय के साथ-साथ वे फिटनेस, फैशन और बिजनेस वेंचर्स को लेकर भी चर्चा में रहते हैं।