चित्तौड़गढ़ जिले में सोमवार देर रात को शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह तक जारी रहा। कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे खेतों और बांधों में पानी पहुंचा है। हालांकि, लगातार बारिश के बाद भी लोगों को उमस से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन भी जिले में बारिश जारी रहने और कहीं-कहीं भारी बरसात की संभावना जताई है। मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और 8 व 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश, शहर में 24 एमएम पानी गिरा सोमवार देर रात हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी रहा। सुबह 8 बजे तक चित्तौड़गढ़ शहर में 24 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिले में सबसे ज्यादा 36 एमएम बारिश निंबाहेड़ा में हुई। इसके अलावा भदेसर में 24 एमएम, बस्सी में 21 एमएम, डूंगला में 18 एमएम, बड़ीसादड़ी में 15 एमएम, भूपालसागर में 6 एमएम, गंगरार और राशमी में 2-2 एमएम तथा बेगूं में 1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से खेतों में भी अच्छी नमी पहुंची है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह बारिश होती रही तो खरीफ फसलों को बड़ा फायदा मिलेगा। बांधों में भी बढ़ा पानी, मानसून का आंकड़ा 196 एमएम के पार बारिश का असर जिले के बांधों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गंभीरी बांध पर 4 एमएम, वागन बांध पर 14 एमएम, बस्सी बांध पर 13 एमएम, औराई बांध पर 15 एमएम, संदेसर बांध पर 15 एमएम, भूपालसागर बांध पर 3 एमएम और मातृकुंडिया बांध पर 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से बांधों में पानी की आवक बढ़ने लगी है। जिले में प्री-मानसून और मानसून की बारिश को मिलाकर अब तक कुल 196.17 एमएम बारिश हो चुकी है। यह जिले की औसत बारिश का करीब 26.16 प्रतिशत है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहा तो यह आंकड़ा तेजी से बढ़ सकता है। बारिश के बाद भी बनी हुई है उमस, अगले दो दिन और बरसेंगे बादल बारिश होने के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से पूरी राहत नहीं मिल पा रही है। पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री था। तापमान में हल्की गिरावट जरूर आई है, लेकिन हवा में नमी अधिक होने से उमस बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि जिले में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 8 और 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने इन दिनों कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।