बदमाश जश्न मनाते हुए भागे... एक माह में 5 वारदातें, स्नेचिंग में 3 महिलाएं घायल झीलों और ऐतिहासिक किलों की खूबसूरती के लिए पहचाने जाने वाले उदयपुर का चैन बदमाशों ने छीन लिया है। शहर की सड़कों पर निकलने वाली महिलाएं अब सिर्फ अपने पर्स और गहनों की नहीं, अपनी जान की भी चिंता करने लगी हैं। बाइक सवार स्नेचर बेखौफ वारदात कर रहे हैं और उनके एक झपट्टे में महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रही हैं। पुलिस हर वारदात के बाद बदमाशों को पकड़ने का दावा करती है, लेकिन सड़कों पर स्नेचरों का खौफ कम नहीं हो रहा। पर्स और चेन स्नेचिंग अब सिर्फ चोरी नहीं रह गई है, बल्कि महिलाओं की जान पर भारी पड़ रही है। सूरजपोल थाना क्षेत्र में पति के साथ स्कूटी से घर जा रही 50 वर्षीय महिला के हाथ से बाइक सवार दो बदमाश पर्स झपटकर फरार हो गए। झपट्टे के कारण महिला स्कूटी से सड़क पर गिर गई। उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि आंख और पसलियों पर भी गंभीर चोटें आईं। बदमाशों की बेखौफी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पर्स छीनने के बाद वे उसे हवा में बार-बार लहराते हुए भागे। पुलिस के अनुसार सेक्टर-8 के लक्ष्मी नगर निवासी 60 वर्षीय पुष्कर लाल शर्मा ने रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई की रात करीब 10:20 बजे वे पत्नी पुष्पा देवी (50) के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे। सेक्टर-11 में जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से भाग गए। झपट्टे के कारण पुष्पा देवी स्कूटी से नीचे गिर गईं। उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया और आंख व पसली में भी चोटें आईं। पर्स में मोबाइल, 10 हजार रुपए, चांदी की पायल और एटीएम कार्ड था। एक माह पहले एक ही रात में 4 पर्स स्नेचिंग की हुई थी वारदातें 1. गत 15 जून की रात 8:45 बजे सेक्टर-14 निवासी एक महिला सहेली के साथ स्कूटी पर सवीना से घर जा रही थी। गोपाल मार्बल के पास बाइक सवार दो बदमाश उनके हाथ से पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में करीब 4 हजार रुपए, मोबाइल और दस्तावेज थे। 2. 15 जून की रात को सेक्टर-9 निवासी लक्ष्मीलाल सोनी पत्नी वंदना के साथ जगदीश मंदिर से घर जा रहे थे। रात 10:40 बजे वह पुराने ऑयल डिपो के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पत्नी से बैग छीनने का प्रयास किया। बैग नहीं छोड़ने पर बदमाशों ने फिर खींचा। इससे पति-पत्नी स्कूटी से गिर गए और उन्हें चोटें आईं। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। 3. गत 15 की रात को सेक्टर-14 के निवासी जगदीश वसीटा पत्नी के साथ ससुराल से घर जा रहे थे। रात 10:45 बजे उदियापोल स्थित नटराज होटल के सामने बाइक सवार दो बदमाश पत्नी के हाथ से पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में 900 रुपए, दो मोबाइल व दस्तावेज रखे थे। 4. गत 15 जून की रात 10:15 बजे मावली निवासी मीना वसीटा अपनी बहन के साथ दक्षिण विस्तार से घर जा रही थी। गोवर्धन विलास थाने मात्र 600 मीटर दूर दो बदमाशों ने उनके के हाथ से पर्स छीनने का प्रयास किया। इससे वह गिर गई और बदमाश उन्हें 50-60 मीटर तक घसीटते रहे। इससे वह घायल हो गई और बदमाश पर्स छीन कर भाग गए। पर्स में दो डेबिट कार्ड, नकदी और दस्तावेज थे। भास्कर एक्सपर्ट सीसीटीवी सर्विलांस बढ़े, बीट गश्त को मजबूत करें सेवानिवृत्त एएसपी घनश्याम शर्मा का कहना है कि युवाओं में कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत और नशे की लत चेन व पर्स स्नेचिंग जैसी वारदातों को बढ़ावा दे रही हैं। बदमाश जानते हैं कि महिलाएं अपेक्षाकृत आसान निशाना होती हैं, इसलिए उन्हें टारगेट बनाते हैं। वारदात के बाद आरोपी अक्सर दूसरे जिलों में जाकर छीना गया सामान बेच देते हैं और उससे मिले पैसे नशे व मौज-मस्ती में उड़ा देते हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक के लिए पुलिस को बीट गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में सादा वर्दी में निगरानी रखने और सीसीटीवी सर्विलांस को और मजबूत करना होगा।