कासं|सवाई माधोपुर जिले के 29 परीक्षा केन्द्रों पर उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन किया गया। परीक्षा के पहले दिन रविवार को 10 हजार 652 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6 हजार 290 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। सोमवार को भी दो पारियों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 5 एवं 6 अप्रैल को जिले के 29 परीक्षा केन्द्रों पर उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2025 का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम पारी में 5 हजार 346 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3 हजार 125 अनुपस्थित रहे। पहले दिन की परीक्षा में 63.11 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार दोपहर की पारी में 5 हजार 306 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 3 हजार 165 अनुपस्थित रहे। दोपहर की पारी में 62.64 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। प्रवेश से पहले महिला अभ्यर्थियों की चुनरी भी बाहर ही रखवाई परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। महिला अभ्यर्थियों की चुनरी भी केन्द्र में प्रवेश करने से पूर्व हटवाई गई। ऐसे में परीक्षा केन्द्र गीता देवी अग्रवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्शनगर-ए के प्रवेशद्वार पर महिला अभ्यर्थियों की चुनरी टंगी रही। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी चुनरी ली तथा द्वितीय पारी का केन्द्र से बाहर बैठकर इंतजार किया। इसके बाद फिर से केन्द्र में प्रवेश करने पर अभ्यर्थियों की जांच की। वहीं महिला अभ्यर्थियों को चुनरी प्रवेशद्वार पर ही टांगनी पड़ी।