बारां पुलिस ने 'ऑपरेशन तलाश' विशेष अभियान के तहत जिले से गुमशुदा हुए 195 महिलाओं, पुरुषों और नाबालिगों को दस्तयाब करने में सफलता हासिल की है। यह अभियान 17 से 31 मार्च तक जिले में चलाया गया था। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लापता लोगों का पता लगाना था। इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे जो साल 2009-2010 से गुमशुदा थे और अब तक नहीं मिले थे। गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए एएसपी राजेश चौधरी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी एएसआई दूरदर्शिता त्यागी के नेतृत्व में एएसआई राजेंद्र सिंह, मूलाराम और पूर्णिमा ने इस टीम में काम किया। साइबर सेल प्रभारी जगदीश चंद्र शर्मा के तकनीकी सहयोग से टीम ने अथक प्रयास कर 50 महिला-पुरुषों और 4 नाबालिगों सहित कुल 54 गुमशुदा लोगों को दस्तयाब किया। इनमें से कुछ लोग 7 से 15 साल की अवधि से लापता थे, जिन्हें उनके बिछड़े परिजनों से मिलवाया गया। इस प्रकार जिले में वृत्त स्तर, थाना स्तर पर गठित टीमों और मानव तस्करी विरोधी यूनिट के प्रयासों से मार्च महीने में कुल 195 गुमशुदा लोगों को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला गया।