पचपदरा विधायक अरूण चौधरी ने बुधवार को निर्माणाधीन सीसी सड़क और रपट पुल का निरीक्षण किया। यह सड़क बालोतरा चतुर्थ रेलवे फाटक से जसोल तक बन रही है, जबकि रपट पुल लूणी नदी पर निर्माणाधीन है। इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उनके साथ थे। निरीक्षण के दौरान विधायक चौधरी ने सड़क और रपट पुल के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के उच्चतम मानकों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने इसे तय समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को जल्द सुविधा मिल सके। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी-विधायक विधायक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सड़क और पुल निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता, मजबूती और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में लोगों को कोई परेशानी न हो। विधायक अरूण चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास, मजबूत आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने यह भी बताया कि इस सड़क और रपट पुल के निर्माण से बालोतरा से जसोल मार्ग पर आवागमन सुगम होगा। इससे बरसात के दिनों में लोगों को राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा वाहन चालकों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।