PM नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को बालोतरा जिले के पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान के मुख्य सचिव से लेकर संभागीय आयुक्त तक रिफाइनरी क्षेत्र का निरीक्षण कर चुके हैं। तैयारियों को लेकर अधिकारियों के दौरे गुरुवार को जोधपुर संभागीय आयुक्त आलोक रंजन ने रिफाइनरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव ने भी प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। हेलीपैड से लेकर कंट्रोल रूम तक निरीक्षण संभागीय आयुक्त ने हेलीपैड, वृक्षारोपण स्थल, सभा स्थल, सभा कक्ष एवं कंट्रोल रूम समेत विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जोधपुर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, सीआईडी एएसपी नरपतसिंह, बालोतरा एडीएम भुवनेश्वर, बाड़मेर एडीएम राजेंद्र सिंह चंदावत, रिफाइनरी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रीतम सिंह, जीएमएसआर श्रवण केसरकर, सीआईएसएफ कमांडेंट रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभा स्थल पर जेसीबी से लेवलिंग का काम जारी रिफाइनरी उद्घाटन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी सभा भी करेंगे। इसके लिए रिफाइनरी के पास सभा स्थल पर जेसीबी मशीनों से जमीन समतल करने का काम तेजी से चल रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पीएम के दौरे को देखते हुए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को निगरानी में ले लिया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।