पाली में टैंकरों से बांडी नदी में केमिकल बहाया जा रहा था। विशेष जांच दल (SIT) ने शनिवार को एक टैंकर को पकड़ा है। साथ ही फैक्ट्री मालिक और मुनीम को तलब किया है। दरअसल, प्रशासन ने फैक्ट्रिया बंद होने से पहले इस पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद भी केमिकल बहाए जा रहे है। जिस पर प्रशासन ने ये कार्रवाई की। फैक्ट्री संचालक और मुनीम को तलब सुप्रीम कोर्ट की ओर से आए जांच दल को कई जगह पर गड्ढों में रंगीन पानी भरा मिला था। उसके बाद SIT के पास शिकायत भी पहुंची। इस पर SIT ने नदी के गड्‌ढों के साथ सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस लोकेशन के आधार पर जांच की तो एक टैंकर पर शक हुआ। इस पर दल ने टैंकर चालक पप्पाराम जाट को पकड़ा। उसने पहले तो टैंकर से पानी खाली करने से इनकार किया। इसके बाद कबूला कि SIT के गठन से पहले वह नदी में टैंकर से पानी खाली कर रहा था। इस दौरान टैंकर को भी जब्त किया गया। मामले में ASP निशांत भारद्वाज का कहना है क SIT और पुलिस की ओर से एक टैंकर को दो दिन पहले पकड़ा गया था। उसके चालक से पूछताछ के बाद फैक्ट्री संचालक और मुनीम को तलब किया था। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। कॉल डिटेल से फैक्ट्री मालिक तक पहुंचे SIT की टीम ने कॉल डिटेल से पता चला कि एक नम्बर पर लगातार फोन किए जाते रहे हैं। पूछताछ करने पर राजाराम मेवाड़ा की पुनायता औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष्णा टेक्सटाइल से टैंकर भरकर नदी में खाली किए जाने का खुलासा हुआ। सख्ती के बावजूद चोरी छिपे चल रहा खेल शहर में औद्योगिक इकाइयों से टैंकरों के माध्यम से करीब पांच माह पहले ही प्रदूषित पानी का परिवहन बंद करवा दिया गया था। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे टैंकरों से पानी नदी में खाली कर रहे थे।