पाली में 19 साल का मजदूर मंगलवार की दोपहर करीब 15 फीट की ऊंचाई से ईट-पत्थरों पर गिर गया। हादसा उस समय हुआ जब वह एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई है। उसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल भेज दिया गया। जिस फैक्ट्री में आग लगी वहीं से गिरा जानकारी के अनुसार पाली शहर के मंडिया रोड में एक फैक्ट्री में बीते दिनों आग लगी थी। दुर्घटना में हॉल पर लगीं लोहे की कुछ चद्दरें गिर गई थीं जबकि कुछ ऊपर ही रह गई थीं। मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र की बाबा रामदेव कॉलोनी का रहने वाला 19 साल का जितेन्द्र वहां काम कर रहा था। जितेन्द्र हॉल के ऊपर चढ़कर लोहे की चद्दरें उतार रहा था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। जहां गिरा, वहां ईट और पत्थर पड़े हुए थे। उनके ऊपर गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई है। साथी मजदूर उसे इलाज के लिए तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां उसका उपचार किया जा रहा है।