पाली में बुधवार को पुलिस के सहयोग से रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हाईवे पर एक होटल की आड़ में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग का मामला पकड़ा है। टीम ने मौके से 29 गैस सिलेंडर, LPG गैस से भरा टैंकर सहित अन्य सामग्री जब्त की। मामले में दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है। सीओ ग्रामीण अमरसिंह रत्नू ने बताया कि जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार एवं कानाराम प्रवर्तन निरीक्षक ने बुधवार को गुड़ा एंदला थाना पुलिस की ओर से सूचना दी गई कि इस पर रसद विभाग की टीम NH-62 पर हाथलाई गांव के निकट स्थित महादेव राईका हाईवे होटल पर जांच के लिए पहुंची। मौका स्थल का निरीक्षण करने पर इण्डेन कम्पनी के एलपीजी गैस टैंकर से वाहन चालक एवं होटल संचालक की मिलीभगत से गैस चोरी कर गैस सिलेंडरों में रिफिलिंग करना पाया गया। मौके पर कुल 3 घरेलू गैस सिलेंडर 26 व्यावसायिक सहित कुल 29 गैस सिलेंडर, एक एलपीजी टैंकर एवं अन्य उपकरण जब्त किए। SHO बोले- दो गिरफ्तार मामले में गुड़ा एंदला थानाप्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रसद विभाग को सूचना दी। उनकी ओर से रिपोर्ट देने पर मामले में ब्यावर निवासी होटल संचालक हितेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश और टेंकर ड्राइवर इरफान अहमद पुत्र रहीश अहमद निवासी प्रतापगढ़ (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान और भी कोई इसमें शामिल होना पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। टेंकर ड्राइवर गुजरात से LPG गैस टैंकर करणाल हरियाणा लेकर जा रहा था। और बीच रास्ते अवैध रूप से होटल की आढ़ में सिलेंडरों में गैस रिफिलिंग कर रहा था।