पंजाब के संगरूर में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित 17वीं राष्ट्रीय पेसापालो खेल प्रतियोगिता में राजस्थान की जूनियर मिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं सीनियर महिला वर्ग में टीम ने ब्रोंज मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के 12 राज्यों की टीमों ने भाग लिया। पाली जिले के खिलाड़ी शिवानी, नीलकमल, प्रतिक्षा, विरेन्द्र, आदित्य, प्रिंस और उमेश ने प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाते हुए टीम को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोच जया पंवार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत, ढोल-नगाड़ों पर किया डांस पाली लौटने पर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का शहरवासियों ने स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों को माला और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर खिलाड़ियों और उनके समर्थकों ने डांस कर खुशी जाहिर की। संघ पदाधिकारियों और परिवारजनों ने किया सम्मान खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान संघ सदस्य हनीफ खत्री, राजेश तनवानी, श्रवण सिंह, संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार और खिलाड़ियों के परिजन मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।