पाली की कोतवाली पुलिस ने शातिर नकबजन गैंग के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने पाली और सुमेरपुर में चोरी की वारदात करने सहित राजसमंद, भीलवाड़ा, कांकरोली, सीकर में भी नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। चोरों का ये गिरोह गुजरात जा रहा था। रात को पाली में रुका और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदात स्वीकारी कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची ने बताया कि मामले में बलराम उर्फ भालाराम (33) पुत्र धर्मराम निवासी चाडवास, थाना छापर, जिला चूरू, अशोक (31) पुत्र छोटूलाल निवासी बिगोद, भीलवाड़ा तथा राजू (32) पुत्र त्रिलोक निवासी नावा सिटी, जिला डीडवाना-कुचामन को गिरफ्तार किया है। बलराम के खिलाफ पहले से 18 मामले दर्ज हैं। वही अशोक और राजू के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने पाली के मंडिया रोड शिव नगर निवासी पुजारी हनुमानदास वैष्णव के घर से 30 लाख के गहने और दो लाख कैश चोरी करना स्वीकार किया। व्यापारी के घर से चुराई थी चांदी इसके साथ ही सुमेरपुर में एक व्यापारी के घर से 15 किलो चांदी के गहने-सिक्के, 100 ग्राम सोने के सिक्के और सवा 3 लाख रुपए चोरी करना स्वीकार किया। इसके साथ ही राजसमंद, भीलवाड़ा, कांकरोली, सीकर में भी नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार की है। कोतवाली थाने में 2 जून 2026 को शिव नगर, मण्डिया रोड निवासी पुजारी हनुमानदास वैष्णव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें सोने-चांदी के गहने और रुपए चोरी होने की बात लिखी थी।