पाली शहर में रेलवे स्टेशन के बाद सर्वोदय नगर के पास बने रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) संख्या 95-डी का गुरुवार शाम सांसद पीपी चौधरी ने लोकार्पण किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शुरू हुए इस अंडरब्रिज के निर्माण पर करीब 3.50 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित और व्यवस्थित रास्ता मिल सकेगा। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सांसद पीपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। 3.50 करोड़ रुपए की लागत से हुआ निर्माण मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि आरयूबी संख्या 95-डी का निर्माण करीब 3.50 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जोधपुर मंडल में रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और आमजन की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी रहे मौजूद लोकार्पण समारोह में पाली विधायक भीमराज भाटी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पाली नगर निगम की महापौर नमिता-विकास बुबकिया, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, उप महापौर मेहबूब टी, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, मूलसिंह भाटी, पार्षद मानवेंद्रसिंह भाटी, अशोक बाफना, पुखराज पटेल, भंवर चौधरी, रामकिशोर साबू और रमेश परिहार सहित जोधपुर मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।