फलोदी में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (स्कूल शिक्षा), राजस्थान जिला इकाई की ओर से रविवार को नगर पालिका टाउन हॉल में एक विचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता प्रदेश अध्यक्ष पुष्करणा ने संबोधित करते हुए बताया- संगठन अब मूल संगठन के साथ मिलकर "अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, स्कूल शिक्षा, राजस्थान" के नाम से काम करेगा। उन्होंने कहा कि इससे संगठन की राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच और प्रभाव बढ़ेगा। पुष्करणा ने 'हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान' और 'हमारा तीर्थ' जैसे अभियानों के माध्यम से विद्यालयों में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इनमें तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले और डीपीसी जल्द कराने, संविदा कर्मियों को स्थायी करने, नव क्रमोन्नत विद्यालयों में पद स्वीकृत करने तथा कंप्यूटर अनुदेशकों की समस्याओं का समाधान करने की मांगें प्रमुख थीं। पुष्करणा ने चेतावनी दी कि अगर इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो महासंघ आंदोलन करेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पब्बाराम विश्नोई ने कहा- वो संगठन के आजीवन सदस्य रहे हैं और शिक्षकों के हितों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन की मांगों को शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि पूनमचंद विश्नोई ने फलोदी के कार्यकर्ताओं की विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के विचारों के प्रति समर्पण की सराहना की। प्रदेश मंत्री अमरजीत सिंह राठौड़ ने संगठनात्मक बदलावों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव अरुण कुमार व्यास ने किया। जिला मंत्री शैतान सिंह राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया। जिला महिला मंत्री नेहा शर्मा और जिला महिला संगठन मंत्री उषा तिवाड़ी ने महिला कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते हुए स्वागत किया। इस कार्यक्रम में जिले की आऊ, बापिणी, देचू, लोहावट, घंटियाली, पीलवा और फलोदी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।