डीडवाना जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड़ आज जिले के दौरे पर रहेंगे। यह दौरा जिले में संचालित विभिन्न जल योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और ग्रीष्मकालीन तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत अतिरिक्त मुख्य अभियंता परबतसर क्षेत्र के रघुनाथपुरा पहुंचकर जल योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद कर पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को भी समझेंगे। समीक्षा बैठक में होगी विस्तृत चर्चा निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि गर्मी के मौसम में जलसंकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके और आमजन को राहत मिल सके। इसके बाद डीडवाना स्थित वृत्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जिले की विभिन्न जल योजनाओं के संचालन, वर्तमान स्थिति, समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कुचामन के सहायक अभियंता मुकेश चौधरी ने बताया कि विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उच्च अधिकारियों के इस दौरे से व्यवस्थाओं में सुधार होगा और आमजन को बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।