केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार को सिद्धपीठ मेहंदीपुर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की। गोयल ने भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के दरबार में भी ढोक लगाई। मंदिर ट्रस्ट के स्वागत कक्ष में सचिव एमके माथुर ने मंत्री गोयल को सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में संचालित धार्मिक, शैक्षिक व सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी। इसके बाद प्रसादी भेंट की। गोयल गोले– यहां आकर सुकून मिलता है केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यहां आकर मुझे सुकून मिलता है। बालाजी का आशीर्वाद मेरे परिवार, मेरे काम और देश पर लगातार बना हुआ है। इसके लिए हम सब बालाजी महाराज के कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा- हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश के उज्जवल भविष्य के लिए मैंने बालाजी भगवान से प्रार्थना की है। मुझे विश्वास है कि प्रत्येक भारतवासी के सुखी जीवन के लिए बालाजी का आशीर्वाद बना रहेगा। गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री गोयल की बालाजी महाराज में गहरी आस्था है। वे अक्सर परिवार के साथ यहां दर्शनों के लिए आते हैं। इस दौरान सिकराय एसडीएम नवनीत कुमार, डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी समेत पुलिस जाप्ता तैनात रहा।