इजराइल-इराक युद्ध के बीच गैस सप्लाई को लेकर बने हालात में सरकार लोगों से एलपीजी की बजाय पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील कर रही है। शहर में लोग पीएनजी कनेक्शन ले भी रहे हैं, लेकिन एलपीजी की तुलना में पीएनजी उन्हें महंगी पड़ रही है। जहां पहले 916 रुपए का एक सिलेंडर महीनों चलता था, वहीं अब हर महीने पीएनजी का बिल आ रहा है, जिससे घरेलू बजट पर असर साफ दिख रहा है। पीएनजी सप्लाई करने वाली कं पनी का दावा है कि यह एलपीजी से करीब 17 प्रतिशत सस्ती है, लेकिन जमीन पर उपभोक्ताओं का अनुभव इससे अलग है। एलपीजी का एक सिलेंडर 916 रुपए 50 पैसे में मिलता है, जिसमें 14.2 किलो गैस होती है। इस हिसाब से यह करीब 64.54 रुपए प्रति किलो पड़ती है। वहीं पीएनजी 49.50 रुपए प्रति एससीएम की दर से सप्लाई की जा रही है और इसका बिल हर महीने आता है। दर कम होने के बावजूद लगातार बिलिंग के कारण कुल खर्च बढ़ रहा है। सस्ती बताकर पीएनजी की ओर शिफ्ट किए जा रहे उपभोक्ताओं के लिए अब यह व्यवस्था महंगी साबित हो रही है। केस 1; 8 माह में 2000 अधिक खर्च पत्रकार कॉलोनी के पास इस्कॉन मंदिर रोड निवासी लता का कहना है कि पहले उनके पास एलपीजी सिलेंडर था। अकेले होने के कारण एक सिलेंडर करीब 8 महीने चलता था। यानी 916 रुपए में आठ महीने का खर्च हो जाता था। अब पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद हर महीने करीब 250 रुपए का बिल आ रहा है। आंकलन- इस हिसाब से 8 महीने में करीब 2000 रु. खर्च हो रहे हैं, जो पहले की तुलना में काफी ज्यादा है। केस 2; 6 सदस्यों पर 250 रु. बढ़े इस्कॉन मंदिर क्षेत्र निवासी हनुमान के अनुसार उनके परिवार में छह सदस्य हैं और पहले 916 रुपए का एलपीजी सिलेंडर करीब एक महीने दस दिन चलता था। अब पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद हर महीने करीब 1250 रुपए का बिल आ रहा है। आंकलन- इस तरह हर महीने करीब 250 रुपए का अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है। शहर में करीब 16 हजार घरों में पाइप लाइन से पीएनजी सप्लाई शहर के महेंद्र सेज, जयसिंहपुरा, पत्रकार कॉलोनी, सिरसी रोड, कालवाड़ रोड, पंच्यावाला, वैशाली नगर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, मानसरोवर और न्यू सांगानेर रोड सहित कई इलाकों में करीब 16 हजार घरों में पाइप लाइन के जरिए घरेलू पीएनजी सप्लाई की जा रही है। इसके साथ ही झोटवाड़ा और सिरसी रोड पर इंडस्ट्रीज एरिया में पीएनजी सप्लाई की जा रही है। इन्हीं सभी क्षेत्रों के रेस्टोरेंट और होटलों में कॉमर्शियल पीएनजी सप्लाई की जा रही है। वीकेआई और झोटवाड़ा औद्यौगिक क्षेत्र में पाइप लाइन डलने के बाद इंडस्ट्रीयल एरिया पीएनजी सप्लाई हो रही है। जयपुर में 36 पंपों पर हर दिन 2 लाख किलो सीएनजी सप्लाई हो रही है। यह घरेलू पीएनजी का फायदा पीएनजी नेचुरल गैस है और पाइप के माध्यम से घरों तक पहुंचाई जा रही है। एलपीजी की तुलना में यह हल्की होती है और लीकेज होने पर हवा में घुल जाती है, जिससे हादसे की संभावना कम रहती है। इसके बावजूद मौजूदा हालात में लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल खर्च का है।