पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के जगतपुरा कैंपस में आयोजित पांच दिवसीय इंटरकॉलेजिएट फेस्टिवल मंथन 2026 का समापन रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। फेस्टिवल के अंतिम दिन ग्रुप डांस और रैंप शो ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देशभर के विभिन्न संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह के दौरान आयोजित ग्रुप डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। जुदाई की थीम पर विद्यार्थियों ने “ऐ दिल बुलबुल” गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर जुदाई के दर्द को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं “डरावना” थीम पर विद्यार्थियों ने वेस्टर्न डांस के साथ विभिन्न संस्कृतियों के नृत्य रूपों को शामिल करते हुए अनोखी प्रस्तुति दी। इसके अलावा वेस्टर्न थीम, केसरिया बालम, भांगड़ा और वीणा जैसी विभिन्न थीम पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फेस्टिवल के अंतिम दिन आयोजित रैंप शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों ने जेन जी एंड एआई, वैदिक और सर्कस जैसी थीम पर आधारित रैंप वॉक प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। हल्की हवाओं के बीच जगतपुरा कैंपस में आयोजित इस कार्यक्रम ने कला और आधुनिक अभिव्यक्ति के विभिन्न आयामों को जीवंत कर दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेश सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री, जल संसाधन विभाग, राजस्थान सरकार उपस्थित रहे। उनके साथ अमित गोयल (भाजपा जिलाध्यक्ष), स्निग्धा शर्मा (प्रिंसिपल, राजकीय कॉलेज जयपुर), विशाल पाराशर (सीईओ, अपडेट इंडिया), आकाश शर्मा और प्रेरणा कुलश्रेष्ठ सहित कई अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रुप डांस और रैंप वॉक प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर पोद्दार ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन रूपल पोद्दार ने देशभर से आए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि मंथन जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं। वहीं ग्रुप चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे फेस्टिवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके भविष्य के लिए नए अवसरों के द्वार खोलते हैं। आगे पढ़ें जयपुर की अन्य खबरें…