जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए भरतपुर पुलिस ने शनिवार को बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का विशेष अभियान चलाया। जिलेभर में 237 स्थानों पर सघन चेकिंग कर 2430 लोगों का सत्यापन किया गया। पूछताछ और जांच के बाद 18 संदिग्ध व्यक्तियों को 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और भरतपुर रेंज आईजी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस टीमों ने शहरी, कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक इकाइयों, ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, कच्ची बस्तियों, सराय, किराए के मकानों, ढाबों तथा अन्य स्थानों पर रहने वाले बाहरी और अस्थायी श्रमिकों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान पुलिस ने ग्राम रक्षक, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और अन्य स्थानीय स्रोतों की मदद से ऐसे लोगों की पहचान की, जो बिना सत्यापन के रह रहे थे या जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। अभियान के दौरान जिले के सभी थानों ने मिलकर 237 स्थानों पर विशेष चेकिंग की। पुलिस टीमों ने कुल 2430 व्यक्तियों की जांच और सत्यापन किया। इनमें से 18 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के बाद 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। थानावार कार्रवाई की बात करें तो चिकसाना थाना क्षेत्र में 34 स्थानों पर चेकिंग के दौरान 378 लोगों का सत्यापन किया गया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र में छह स्थानों पर 40 लोगों की जांच के दौरान 12 संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 स्थानों पर 35 लोगों की जांच कर चार संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नदबई, उद्योग नगर, हलैना, रूपवास, रुदावल, बयाना, सेवर, भुसावर, अटलबंद, खेड़ली मोड़, वैर, गहनौली मोड़, उच्चैन, बयाना कोतवाली और सदर बयाना थाना में भी अभियान चला।