प्रतापगढ़ के कोटड़ी थाना क्षेत्र स्थित बरखेड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को एक कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में अरनोद निवासी श्यामवाल (21) की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो युवतियां घायल हो गईं। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर पुलिस ने बताया-श्यामलाल अपनी बाइक पर भूमिका पुत्री सूरजमल और शिला पुत्री कैलाश के साथ दलोट से अरनोद लौट रहा था। तीनों एक बारात में शामिल होकर वापस आ रहे थे। बरखेड़ी बस स्टैंड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के टायर भी निकल गए। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुले प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के समय कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार लोगों की जान बच गई। हालांकि, हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को प्रतापगढ़ किया रेफर घटना की सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस चालक राकेश मीणा और ईएमटी विनोद मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों घायलों को अरनोद अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया। घायल शिला और भूमिका को प्राथमिक उपचार के बाद प्रतापगढ़ रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।