प्रतापगढ़ जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने रविवार को जिले में पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत वीरावली, मंडावरा, जाजली, बेड़मा और अरनोद क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अरनोद के बेड़मा और नागदेड़ा में जल जीवन मिशन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, जिला कलेक्टर ने हैंडपंपों की कार्यशीलता, जल उपलब्धता और जल गुणवत्ता का मौके पर सत्यापन किया। उन्होंने चालू हैंडपंपों के पानी की फील्ड टेस्टिंग करवाकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, बंद पड़े हैंडपंपों की प्राथमिकता से मरम्मत कर उन्हें शीघ्र चालू करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कलेक्टर ने ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी, त्वरित मरम्मत और प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके। जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद, जिले के विभिन्न अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में फील्ड निरीक्षण किया। उन्होंने हैंडपंपों की स्थिति का आकलन करते हुए उनकी कार्यशीलता, जल उपलब्धता और गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी अरनोद, सहायक अभियंता, अधिशाषी अभियंता, तहसीलदार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।