प्रतापगढ़ में किसान के ऊपर चेन, कूपी और बल्ली आकर गिर गई। हादसे में किसान के सिर पर गंभीर चोट आ गई और वो अचेत होकर गिर गए। डॉक्टर्स ने किसान को मृत घोषित कर दिया। हादसा सुहागपुरा थाना क्षेत्र के पनावला गांव में हुआ। पनावला निवासी सत्यनारायण गुर्जर (58) खेत पर बोरवेल से मोटर निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, सत्यनारायण गुर्जर अपने दोस्त के खेत पर बोरवेल से मोटर निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटर निकालने में इस्तेमाल की जा रही चेन, कूपी और बल्ली अचानक टूट गईं। इसका एक हिस्सा सत्यनारायण के सिर पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे अचेत हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में अचेत किसान को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुहागपुरा थाना प्रभारी मनीष वैष्णव ने बताया- ये हादसा कृषि कार्य के दौरान हुआ। मृतक के भाई घनश्याम गुर्जर की रिपोर्ट पर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मृतक किसान सत्यनारायण गुर्जर के परिवार में पांच संतानें हैं। उनका पूरा परिवार कृषि कार्य पर निर्भर है।