प्रतापगढ़ में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान की शुरूआत की गई। इस मौके पर जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से ग्राम विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। कई अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान समाजसेवी रवि जोशी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद पर्वत सिंह चुंडावत, एसीईओ धनदान देथा, एडिशनल बीडीओ आर सी खटीक और जिला उद्योग महाप्रबंधक मंजू माली सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। आमजन से सीधा संवाद करने की अपील जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने बताया- इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुंडावत ने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। 15 दिन तक जिले में घूमेंगे रथ सीईओ ने जानकारी दी कि ग्राम रथ अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में रथ भ्रमण करेंगे। ये रथ 13 विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। इन रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी होंगे, जो जागरूकता कार्यक्रमों को रोचक बनाएंगे। एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। रथों की लाइव लोकेशन और फोटो-वीडियो विभागीय ऐप पर अपलोड किए जाएंगे। ग्रामीणों के लिए रहेगी सुझाव पेटियां साथ ही, ग्रामीणों के सुझावों के लिए सुझाव पेटियां भी उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।