प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में श्मशान घाट की झाड़ियों में एक नवजात बच्चा मिला है। बच्चा के नीचे कंबल बिछा हुआ था। भैंस चराने आए किसान ने जब बच्चे को देखा तो तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को पहले पीपलखूंट अस्पताल और फिर वहां से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल भेज दिया। डॉक्टर का कहना है कि बच्चे का जन्म 5 दिन पहले हुआ है। पशुपालक ने महिला को बच्चा छोड़कर जाते देखा पीपलखूंट थाना अधिकारी मनीष कुमार वैष्णव ने बताया- मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पीपलखूंट निवासी किसान गेबीलाला भोई माही नदी के किनारे पशु चरा रहा था। इसी दौरान उसने एक महिला को नदी की ओर से आते हुए देखा। महिला श्मशान घाट के पास झाड़ियों के बीच कुछ रखकर वहां से चली गई। महिला के जाने के बाद पशुपालक को संदेह हुआ। उसने झाड़ियों के पास जाकर देखा तो वहां एक नवजात शिशु मिला। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बच्चा स्वस्थ, प्रतापगढ़ भेजा टीम बच्चे को लेकर पीपलखूंट अस्पताल लेकर आई। वहां डॉ. नितेश ने बच्चे की जांच की। डॉ. नितेश ने बताया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। उसका जन्म लगभग 5 दिन पहले हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल भेजा है। प्रतापगढ़ के पीएमओ आलोक यादव बताया- नवजात की स्थिति सामान्य है। मेडिकल टीम की निगरानी में बच्चों को रखा गया है। बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है। बच्चे के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं है। पुलिस बच्चे के माता-पिता की तलाश कर रही है। पुलिस ने आसपास के गांवों, अस्पतालों से हाल ही में हुए बच्चों के जन्म के बारे में पूछताछ की है।