प्रतापगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दो साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ सलमान पठान को गिरफ्तार किया है। आसिफ निवासी नौगावा टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। वह मंदसौर और नीमच जिलों में भी एनडीपीएस के अन्य मामलों में वांछित था। ये कार्रवाई एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर चलाए गए 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत की गई। मामले का खुलासा करते हुए, 4 अप्रैल 2024 को सालमगढ़ थानाधिकारी रमेशचंद्र और उनकी टीम ने प्रतापगढ़-रतलाम रोड पर सांखथली फंटा बॉर्डर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार से 67 ग्राम एमडीएमए जब्त किया था। इस दौरान इंदौर के चार आरोपियों - वहिद, ऐजाज हुसैन, मोहम्मद शाहरुख मसुरी और मोहम्मद मोईन खान उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि उन्होंने यह एमडीएमए आसिफ खां निवासी नौगावा से खरीदा था। घटना के बाद से ही आसिफ फरार चल रहा था और अरनोद पुलिस थाना उसकी लगातार तलाश कर रहा था। उसके खिलाफ जांच जारी रखी गई थी। प्रतापगढ़ एसपी ने आसिफ की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। हाल ही में, अरनोद थानाधिकारी को सूचना मिली कि आसिफ नौगावा स्थित अपने फार्म हाउस पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी और पुलिस जाप्ता ने फार्म हाउस की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आसिफ ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे घेरा डालकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।