जयपुर में सरकारी नौकरी के लिए मां की हत्या करवाने वाली बेटी टोना-टोटका भी करवा रही थी। पुलिस ने घर के सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। ये नीरज शर्मा (45) की हत्या के करीब 5 दिन पहले के हैं। दावा किया जा रहा है कि आरोपी बेटी आयुषी (23) ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर की सीढ़ियों पर तंत्र-मंत्र वाला एक नारियल और एक काली गुड़िया रखी थी। फिर उनमें आग लगा दी थी। 3 जुलाई को प्रताप नगर में हुई इस सुपारी किलिंग में पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे पहले देखिए- पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में क्या मिला? पुलिस को किसी तांत्रिक के मिले होने की भी आशंका पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तंत्र-मंत्र के लिए आरोपी किससे मिले थे? उसको लेकर भी जांच की जा रही है। आशंका है कि 27 जून से पहले भी उन्होंने ऐसा कुछ करवाया हो। आरोपियों के बैकग्राउंड को लेकर भी भरतपुर और जयपुर में उनसे जुड़े लोगों से पूछताछ की गई है। अब 4 पॉइंट में जानिए- क्या है नीरज शर्मा हत्याकांड 1. पति की जगह लगी थी नीरज की नौकरी: नीरज के भाई राकेश शर्मा ने बताया कि प्रताप नगर के रविन्द्र नगर में रहने वाली नीरज शर्मा (45) के पति का एक साल पहले निधन हो गया था। वे कोर्ट में एलडीसी थे। 8 महीने पहले पति की जगह नीरज की LDC की पोस्ट पर नौकरी लगी थी। नीरज 16 साल के बेटे के साथ रहती थी। 2. पहले मां के साथ ही रहती थी आयुषी: नीरज के भाई राकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि आयुषी पहले अपनी मां के साथ रहती थी, लेकिन पिता विजय वशिष्ठ की मौत के बाद उसका व्यवहार बदल गया और वह अपने ताऊ के साथ रहने लगी। उन्होंने दावा किया कि आयुषी पहले भी अपनी मां से मारपीट कर चुकी थी। 3. मां के साथ लंबे समय से चल रहा था विवाद: पुलिस का दावा है कि आयुषी पिता की जगह नौकरी लगना चाहती थी, लेकिन मां ने नौकरी जॉइन कर ली। ऐसे में बेटी का मां की हत्या कर नौकरी पाने का प्लान था। आयुषी ने अपने ताऊ मोहन स्वरूप (56) निवासी सेवर (भरतपुर) के साथ मिलकर मर्डर की प्लानिंग की थी। इसमें नीरज के ससुराल वाले भी शामिल थे। 4. भरतपुर के सुपारी किलर से कॉन्टैक्ट: आयुषी, मोहन और उसके बेटे बलराम उर्फ रवि ने सुपारी किलर हेमंत शर्मा (20) निवासी बयाना (भरतपुर) ने मर्डर के लिए कॉन्टैक्ट किया। उसे कहा- नीरज शर्मा की हत्या करनी है, 7 लाख रुपए देंगे। हेमंत ने बलराम की मदद से रेकी की। भरतपुर से एक थार रेंट पर ली। पैसा लेने के बाद भी काम नहीं हो सका, जिसके बाद एक महीने तक दोबारा रेकी कर 3 जुलाई को स्कॉर्पियो से वारदात को अंजाम दिया। जीजा की मौत की भी जांच की मांग नीरज के भाई राकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके जीजा विजय वशिष्ठ की ब्रेन हेमरेज के दौरान अस्पताल से समय से पहले घर ले जाकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उन्होंने इस मामले में भी अलग से एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने ताऊ मोहन और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार इस हाईप्रोफाइल केस में अब तक कुल 7 गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें आयुषी शर्मा (23), मोहन स्वरूप (56), हेमंत शर्मा (20), आकाश शर्मा (23), मोहित शर्मा (21), अरविंद शर्मा (21),रोहित जाटव (22), गहनोली मोड़ शामिल हैं। मुख्य आरोपी बलराम उर्फ रवि अभी फरार है। …. ये खबरें भी पढ़िए… सरकारी नौकरी-प्रॉपर्टी के लिए बेटी ने करवाई मां की हत्या,VIDEO:ताऊ और चचेरे भाई के साथ प्लानिंग की, तेज रफ्तार गाड़ी से कुचलवा दिया; 7 गिरफ्तार जयपुर में प्रॉपर्टी और सरकारी नौकरी के लिए बेटी ने मां की हत्या करवा दी। बेटी ने ताऊ और चचेरे भाई के साथ मिलकर मर्डर प्लान किया था। (पूरी खबर पढ़ें) ये खबर भी पढ़ें बेटे ने पिता को डंडों से पीटकर मार डाला:साले और ससुर के साथ घर में घुसा था, जमीन के रुपयों को लेकर विवाद था बाड़मेर में बेटे ने अपने ससुर और साले के साथ मिलकर पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिता ने अपने हिस्से की जमीन बेची थी। बेटा वो रुपए मांग रहा था। (पूरी खबर पढ़ें)