भीलवाड़ा | शहर में पर्यटन विकास की संभावनाओं को परखने और भविष्य की योजनाएं तैयार करने के लिए राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के 80वें दौर के तहत विशेष सर्वे शुरू किया गया है। यह सर्वे 27 अप्रैल से 8 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें शहर के चार चयनित ब्लॉकों में प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के अनुसार इस सर्वे का उद्देश्य पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों, यात्राओं, खर्च, सुविधाओं और उनके आर्थिक-सामाजिक प्रभाव का आकलन करना है। इससे भीलवाड़ा जिले में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां और योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। इन क्षेत्रों में होगा सर्वे स्टेशन रोड, झूलेलाल मंदिर के आसपास का क्षेत्र, बड़ा मंदिर, भीमगंज स्कूल के पीछे का क्षेत्र, FCI गोदाम के पास, बापू नगर, लेबर कॉलोनी के सामने सर्वे किया जाएगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पहचान-पत्र लेकर आने वाले प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी दें, ताकि भीलवाड़ा में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार हो सके और जिले के विकास की बेहतर योजना बनाई जा सके।