भास्कर संवाददाता |पाली इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलत एलपीजी का संकट गहराया हुआ है। शनिवार को वासुदेव गैस एजेंसी के बाहर आलम यह था कि सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपभोक्ताओं की कतारें लगी रहीं। जिसे संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। केशव नगर निवासी सोहन ने बताया कि उन्होंने 7 सप्ताह पहले सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन आज तक डिलीवरी नहीं हुई। सुभाष नगर के रामलाल सुबह 10 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन दोपहर 3 बजे तक उन्हें सिलेंडर नसीब नहीं हुआ। अब एजेंसी ने टोकन सिस्टम लागू कर दिया है, जिससे व्यवस्था बनी रही। इधर, जैतपुर निवासी खेताराम ने बताया कि पहले गोदाम गया तो ऑफिस भेज दिया, ऑफिस गया तो कहा गया कि इंदिरा कॉलोनी जाओ। दर-दर भटकने के बाद वे घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। भास्कर रिपोर्टर ने रात 8 बजकर 41 मिनट पर रसद विभाग के कंट्रोल रूम 02932-251007 पर संपर्क किया पहले कॉल नहीं लगी, फिर नो रिप्लाई आता रहा। कंट्रोल रूम प्रभारी व प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र सिंह आशिया को फोन किया तो नो रिप्लाई था। कनिष्ठ लेखाकार दूसरी पारी के ड्यूटी कृष्णा कुमार ने जवाब नहीं दिया। शहर में अब तक 70 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। बता दें कि जिला रसद विभाग ने 11 मार्च को कंट्रोल रूम स्थापित किया था। इसमें 3 पारियों में 3-3 स्टाफ को ड्यूटी लगा रखी है।