रायपुर थाना क्षेत्र में वितराग इंडस्ट्रीज में हुई 40.70 लाख रुपए नकद और करीब दो किलो चांदी की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि फैक्ट्री में चलने वाली पिकअप के चालक ने ही तिजोरी में रखी बड़ी रकम की जानकारी अपने गांव के युवक को दी थी। इसके बाद आरोपियों ने पूरी वारदात की साजिश रची और अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.36 लाख रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और खिड़की काटने में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब शेष नकदी, चांदी और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार 4 जून की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-162 स्थित झूठा गांव में वितराग इंडस्ट्रीज के कार्यालय की खिड़की काटकर आरोपी अंदर घुसे। उन्होंने तिजोरी और अलमारी के ताले तोड़कर 40,70,700 रुपए नकद और करीब 2 किलो चांदी चोरी कर ली। वारदात के समय तेज बारिश और आंधी-तूफान चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने पहले सीसीटीवी कैमरों को कपड़े से ढक दिया। फैक्ट्री में 2 चौकीदार मौजूद होने के बावजूद आरोपी फरार हो गए। नकदी की सूचना पर रची साजिश : जांच के दौरान अजमेर की मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसी दौरान रायपुर थाने के कांस्टेबल रामलहरी को मिले इनपुट से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री की पिकअप चलाने वाले बबलू खान ने अपने गांव के सुमेर सिंह को फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में नकदी रखे होने की जानकारी दी थी। इसके बाद सुमेर सिंह ने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। ये आरोपी हुए गिरफ्तार : पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र सिंह (20) निवासी नंदावट, थाना भीम, बबलू खान (28) निवासी पचानपुरा, थाना रायपुर, पिंटू उर्फ प्रीतम (22) निवासी नंदावट, थाना भीम तथा सुमेर सिंह (20) निवासी पीपलिया बाड़िया, हाल निवासी नंदावट, थाना भीम को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम, साइबर शाखा और रायपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस वारदात का खुलासा हुआ। अभी 35 लाख से ज्यादा नकदी-चांदी बरामद होना बाकी : अब तक केवल 5.36 लाख रुपए ही बरामद किए जा सके हैं। शेष नकदी, चोरी हुई चांदी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।