राजस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठन ने घोषणा की है कि राज्य स्तरीय मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलने तक 1 जुलाई से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने विभाग की दमनात्मक कार्रवाई का विरोध करते हुए आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। संगठन के अनुसार 1 जुलाई से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से खोले जाएंगे और उपस्थिति भी दर्ज की जाएगी, लेकिन ऑनलाइन और ऑफलाइन किसी भी प्रकार का विभागीय कार्य नहीं किया जाएगा। इसके बाद 7 जुलाई से आम हड़ताल और तालाबंदी का कार्यक्रम भी पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा। 2 महीने का बकाया मानदेय का बजट जारी संगठन के प्रदेश संरक्षक छोटेलाल बुनकर ने बताया कि उनके आंदोलन के दबाव के कारण केंद्र सरकार ने मार्च और अप्रैल माह के 2 महीने के बकाया मानदेय के भुगतान के लिए बजट जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने भी इस संबंध में भुगतान आदेश जारी किए हैं और बिल पारित किए जा रहे हैं। इसके अलावा भवन किराया, प्रोत्साहन राशि और अन्य लंबित भुगतानों के भी शीघ्र जारी होने की संभावना है। मानदेय समेत कई मांगों पर मिला आश्वासन संगठन की प्रदेशाध्यक्ष रचना शर्मा ने जानकारी दी कि निदेशक स्तर पर हुई वार्ता में विभाग ने मानदेय बजट जारी होने, भवन किराया और अन्य लंबित भुगतान शीघ्र कराने, ग्रेच्युटी भुगतान पर सकारात्मक पहल करने तथा गैर-आईसीडीएस कार्यों को रोकने का आश्वासन दिया है। हालांकि, विभाग ने मानदेय वृद्धि को सरकार का नीतिगत विषय बताया। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले प्रदेश, जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारियों की सहमति ली जाएगी। जिलाध्यक्ष ने जुटने का किया आह्वान झालावाड़ की जिलाध्यक्ष मंजू कारपेंटर ने सभी कार्यकर्ताओं से 1 जुलाई से प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि झालावाड़ जिले में कुल 1537 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां एक केंद्र पर दो पदों के हिसाब से 2958 कार्यकर्ता और सहायिकाएं कार्यरत हैं। संगठन का दावा है कि पूरे राजस्थान में लगभग 63 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर यह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें कुल 1 लाख 25 हजार कार्मिक शामिल होंगे। अकलेरा पंचायत समिति में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित झालावाड़ जिले के अकलेरा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में राज्य सरकार के निर्देश पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन पात्र व्यक्तियों से आवेदन लेना था, जो पूर्व में इस योजना से वंचित रह गए थे। ग्राम सभाओं में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत जानकारी दी और पात्रता मानदंडों से अवगत कराया। इस दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाएं। ग्राम पंचायत गेहूंखेड़ी में ग्राम विकास अधिकारी भरत कुमार मीणा की उपस्थिति में ग्राम सभा आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, ग्राम पंचायत घाटोली में भी ग्राम विकास अधिकारी भरत कुमार मीणा और प्रशासक सुनीता गुप्ता की मौजूदगी में बैठक संपन्न हुई।