एएसआई (ASI) ने थाने की मेस में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी पहचान विष्णु कुमार के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले तक वे पूरी तरह सामान्य थे और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बैठकर खाना खाया था। फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामला भीलवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर कारोई थाने के मेस का है। रात में सबकुछ सामान्य था ASP पारस जैन ने बताया कि एएसआई विष्णु कुमार शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक थाने में ही अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। उन्होंने वहां हंसी-मजाक किया और साथ में डिनर भी किया। इसके बाद वे अपने क्वार्टर चले गए। पुलिस का अनुमान है कि आधी रात के बाद वे चुपचाप क्वार्टर से निकलकर थाने की मेस में पहुंचे और वहां फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। ASI सीकर के रानोली के रहने वाले थे। सुबह 8:30 बजे चला पता शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे जब पुलिस के जवान मेस में चाय-नाश्ते के लिए पहुंचे, तो होश उड़ गए। विष्णु कुमार का शव फंदे से लटका हुआ था। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों को दी। कुछ ही देर में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें। शव को फंदे से उतारकर महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने उनके परिवार को सूचित कर दिया है, जिनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। ASP पारस जैन का कहना है- घटना बेहद दुखद है। विष्णु कुमार एक कर्मठ अधिकारी थे। रात तक वे सामान्य थे, अचानक ऐसा क्यों हुआ, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। भाई बोला- कोई तनाव नहीं था एएसआई के भाई नरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे विष्णु से बात हुई थी और उस समय कोई परेशानी नहीं लगी। न तो ड्यूटी से जुड़ा कोई तनाव था और न ही परिवार में किसी तरह का विवाद। उन्होंने बताया कि वे दो भाई और सभी लोग साथ रहते हैं। घर का माहौल सामान्य था। शाम को दोनों भाइयों की पत्नियां भी साथ में खाना खाती हैं, इसलिए ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिससे परेशानी का अंदाजा हो सके। उन्होंने बताया कि पिता हुकुम सिंह जयपुर पुलिस से रिटायर हुए हैं। विष्णु कुमार के दो बेटे हैं। ये खबर भी पढ़ें पत्नी के सुसाइड के बाद पति भी फंदे पर लटका:अलग-अलग कमरों में मिले शव; बेटा-बेटी स्कूल गए थे सीकर जिले के कारंगा बड़ा गांव में पत्नी के सुसाइड के बाद पति भी रस्सी से फंदा बनाकर लटक गया। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले। इनके दोनों बच्चे स्कूल गए थे। प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश के कारण सुसाइड करना सामने आया है। (पूरी खबर पढ़ें)