बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमपी बॉर्डर पर एक पिकअप वाहन से 63 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान वाहन को रुकवाकर तलाशी ली। शराब की खेप राजस्थान से मध्य प्रदेश के थांदला ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। मुखबिर की सूचना पर शुरू की नाकाबंदी कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में राजस्थान निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब भरकर मध्य प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने एमपी बॉर्डर स्थित थांदला रोड पर नाकाबंदी शुरू की और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। तलाशी में मिली 63 पेटी शराब नाकाबंदी के दौरान कुशलगढ़ से थांदला की तरफ जा रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकवाया गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब की 63 पेटियां मिलीं। पुलिस ने मौके पर ही शराब की खेप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। चालक से पूछताछ जारी पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब की खेप मध्य प्रदेश में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से भरी गई थी और इसे मध्य प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।