धौलपुर में बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के लिए बुधवार 22 अप्रैल को मतदान होगा। इस चुनाव में 567 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि पप्पू सिंह गुर्जर एडवोकेट को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे चुनाव संबंधी सभी गतिविधियों को सुचारु रूप से संपन्न कराएंगे। चुनाव अधिकारी पप्पू सिंह गुर्जर एडवोकेट के अनुसार मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान केंद्र पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र पर छाया, पेयजल और हवा की उचित व्यवस्था की गई है। न्यायालय परिसर में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। मतदान के बाद मतपेटियों को जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सौंप दिया जाएगा। उपखंड अधिकारी धौलपुर और कोर्ट मैनेजर बृजेश शर्मा ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।