खैरथल-तिजारा जिले के खैरथल कस्बे में शादी से एक दिन पहले एक युवती की अचानक मौत हो गई। युवती लक्ष्मी (23) को मंगलवार शाम को अचानक उल्टी हुई। इसके बाद परिजनों ने उसे घर पर ही पंखा चलाकर बैठाया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। घबराए परिजन तुरंत उसे खैरथल के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हल्दी और मेहंदी की रस्में चल रही थीं बताया जा रहा है कि मंगलवार को लक्ष्मी की हल्दी और मेहंदी की रस्में हो रही थी। वहीं बुधवार को मुंडावर के पास भानौत गांव से उसकी बारात आने वाली थी। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार इस घटना के बाद सदमे में है और घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अनुसार- लक्ष्मी शादी की खुशियों में पूरी तरह शामिल थी और घर में चल रही रस्मों के दौरान नाच-गाने में भी हिस्सा ले रही थी। किसी को अंदेशा नहीं था कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ जाएगी और इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। लक्ष्मी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी। बेटी की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं लक्ष्मी का एक छोटा भाई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को अलवर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।