पाली के सादड़ी में बिजनेसमैन की बैलगाड़ी पर बारात निकली। चीन से आए दूल्हे दोस्त भी बाराती बने। दूल्हा सबसे आगे चल रही बैलगाड़ी में पारंपरिक वेशभूषा में बैठा था। महिलाएं लोकगीत गा रही थी। ये शादी 26 अप्रैल को हुई। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। भादरास के रहने वाले बिजनेसमैन सुरेश जणवा चौधरी ने बताया- चीन के शंघाई में इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस है। करीब 9 साल से वहीं रहकर बिजनेस कर रहा हूं। बीच-बीच में गांव आना होता रहता है। बिजनेसमैन ने बताया- मुंडारा की रहने वाली प्रवीणा से शादी 26 अप्रैल को तय हुई थी। शुरू से तय किया हुआ था बारात गाड़ियों में नहीं, बल्कि पूरी तरह पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ियों से ही जाएगी। मैंने बहुत से देशों का कल्चर देखा है, उनको देखकर ऐसा लगा कि मारवाड़ी कल्चर और उसके पहनावे का बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने बताया इस कारण से शादी में सूट-बूट की जगह अंगरकी (कुर्ता)-धोती पहनी। पहले देखिए शादी की 3 फोटोज… बिजनेसमैन ने बताया- भादरास और मुंडारा गांवों की दूरी 10 किलोमीटर है। इसलिए घर से ही बारात बैलगाड़ी से शुरू हुई। बारात में 7 बैलगाड़ियां और 10 सफारी कार शामिल हुई। चीन के शंघाई से मेरे दोस्त बिजनेसमैन होंगफंग और उनके दो अन्य साथी भी शादी में पहुंचे थे। इसके अलावा बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे, मुंबई से मेरे साथी बिजनेसमैन भी शामिल हुए थे। सभी बैलगाड़ी में बैठे थे। उन्होंने भारतीय रीति-रिवाज का मजा लिया। देसी अंदाज में करनी थी शादी दूल्हे के भाई डॉ. मोहनलाल चौधरी ने बताया- मेरे भाई सुरेश की शादी में हम सभी का प्लान था कि बारात को बैलगाड़ी से लेकर जाना है। हम दोनों भाई विदेश में रहे। चीन में पढ़ाई की,लेकिन हमें शादी देसी अंदाज में ही करनी थी।